Ad Code

Responsive Advertisement

धमतरी में युवा उत्सव 2026 की तैयारी तेज, पुलिस ने संभाली सुरक्षा की कमान


24-25 अप्रैल इंटर कॉलेज प्रतियोगिता हेतु सख्त सुरक्षा व्यवस्था

बी.सी.एस. कॉलेज में एएसपी ने लिया जायजा, हर मोर्चे पर पुलिस तैनात

धमतरी। आगामी 24 एवं 25 अप्रैल को धमतरी में आयोजित होने जा रहे “युवा उत्सव 2026 - इंटर कॉलेज प्रतियोगिता” को लेकर जिला पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। कार्यक्रम में जिले सहित विभिन्न जिलों एवं अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में प्रतिभागियों और दर्शकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।

पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशन में एएसपी धमतरी ने बी.सी.एस. कॉलेज धमतरी स्थित आयोजन स्थल का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कार्यक्रम स्थल के प्रवेश एवं निकास मार्ग, भीड़ नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था, मंच सुरक्षा तथा आपातकालीन सेवाओं की समीक्षा की गई।

अधिकारियों ने मौके पर मौजूद पुलिस जवानों और संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि कार्यक्रम पूरी तरह सुरक्षित, व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होना चाहिए।

धमतरी पुलिस द्वारा आयोजन को लेकर विशेष सुरक्षा प्लान तैयार किया गया है। कार्यक्रम के दौरान पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहेगा। इसके अलावा सादे वस्त्रों में भी पुलिस कर्मियों को निगरानी के लिए लगाया जाएगा, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।

यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रमुख मार्गों और स्थल के आसपास विशेष पुलिस ड्यूटी लगाई जाएगी। पार्किंग स्थलों पर भी पुलिस निगरानी रखेगी, जिससे प्रतिभागियों और आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों, विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों से अपील की है कि वे पुलिस प्रशासन का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि उनका उद्देश्य युवा उत्सव 2026 को सुरक्षित, व्यवस्थित और यादगार बनाना है, जिसके लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

निरीक्षण के दौरान एएसपी धमतरी, सीएसपी धमतरी, यातायात प्रभारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

Ad Code

Responsive Advertisement