रायपुर। छत्तीसगढ़ में अखिल भारतीय पंचायत परिषद द्वारा राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत 7 अप्रैल को राजधानी रायपुर में एक महत्वपूर्ण प्रदेश स्तरीय बैठक आयोजित की गई। यह अभियान 12 अप्रैल से 24 अप्रैल 2026 तक देशभर में संचालित होगा, जिसका भव्य समापन कबीरधाम, छत्तीसगढ़ में किया जाएगा।
बैठक में 24 अप्रैल को आयोजित होने वाले पंचायत स्थापना दिवस कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। आयोजन की रूपरेखा, व्यवस्थाओं, जिम्मेदारियों एवं जनभागीदारी सुनिश्चित करने हेतु कार्ययोजना तैयार की गई।
बैठक में जानकारी दी गई कि इस अवसर पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने की संभावना है। साथ ही प्रदेश के मुख्यमंत्री, पंचायत मंत्री, विधायक एवं सांसदों की उपस्थिति भी संभावित है, जिससे कार्यक्रम का महत्व और अधिक बढ़ गया है।
बैठक में परिषद के राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों सहित विभिन्न जिलों से आए संयोजक, ब्लॉक एवं प्रखंड प्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। लगभग 150 से 200 पदाधिकारियों की उपस्थिति में कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया गया।
इस दौरान विभिन्न जिलों के पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं तथा ग्राम पंचायत, जनपद एवं जिला पंचायत प्रतिनिधियों से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया। आयोजन को सफल बनाने के लिए समिति गठन, जनसंपर्क अभियान एवं प्रशासनिक अनुमतियों की प्रक्रिया समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सभी जिलों को व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर समन्वय मजबूत करने तथा अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। साथ ही अनुशासन एवं आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की अपील की गई।
कार्यक्रम का संचालन प्रदेश प्रभारी घनश्याम प्रसाद यादव के नेतृत्व में किया गया तथा समापन छत्तीसगढ़ महतारी के राज्य गीत एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ।
बैठक में शामिल सभी पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि 24 अप्रैल को कबीरधाम में आयोजित पंचायत स्थापना दिवस कार्यक्रम ऐतिहासिक एवं प्रेरणादायक साबित होगा।

