Ad Code

Responsive Advertisement

अवैध शराब कारोबार पर धमतरी पुलिस का शिकंजा, दो दिन में 18 आरोपी गिरफ्तार


धमतरी। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में जिलेभर में अवैध शराब, मादक पदार्थों, जुआ-सट्टा एवं अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत धमतरी पुलिस ने अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पिछले दो दिनों में कुल 16 आबकारी प्रकरण दर्ज कर 18 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार दो दिन पूर्व जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में आबकारी एक्ट के 14 प्रकरणों में 15 आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई थी। अभियान को आगे बढ़ाते हुए मंगलवार को थाना भखारा एवं कुरूद पुलिस ने दो और प्रकरण दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।

थाना भखारा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए नीलमणी साहू (47) निवासी सेमरा-बी एवं सोमनाथ गाड़ा (44) निवासी सुपेला भखारा को अवैध शराब परिवहन करते हुए पकड़ा। पुलिस ने उनके कब्जे से 35 पौवा देशी शराब तथा परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की। जब्त सामग्री की कुल कीमत 12,800 रुपये बताई गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

वहीं थाना कुरूद पुलिस ने रामसागर तालाब के पास अवैध रूप से शराब बेचते हुए शुभम उर्फ पार्षद बंजारे (27) निवासी चंडीपारा कुरूद को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 14 पौवा देशी शराब, बिक्री रकम एवं अन्य सामग्री सहित कुल 1,370 रुपये का सामान जब्त किया गया। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(ख) के तहत कार्रवाई की गई है।

धमतरी पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार को जड़ से समाप्त करने के उद्देश्य से लगातार निगरानी और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस की लगातार हो रही कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।

Ad Code

Responsive Advertisement