कुरूद। ग्राम पंचायत परखंदा में जल संरक्षण एवं स्वच्छता को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय पहल देखने को मिली। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के अंतर्गत चंडी तालाब के नवीनीकरण कार्य के लिए जनपद पंचायत कुरूद द्वारा 9 लाख 85 हजार रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। स्वीकृति मिलने के बाद तालाब की साफ-सफाई एवं गोदी खनन कार्य का शुभारंभ किया गया।
विशेष बात यह रही कि इस कार्य में केवल मजदूर ही नहीं बल्कि पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। गांव के लगभग 200 मजदूरों तथा जनप्रतिनिधियों ने श्रमदान कर पूरे चंडी तालाब की व्यापक सफाई की। श्रमदान के माध्यम से ग्रामीणों ने यह संदेश दिया कि स्वच्छता और जल संरक्षण केवल सरकारी योजनाओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी भी हैं।
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने स्वच्छ भारत और स्वावलंबी गांवों का सपना देखा था। उनके इसी सपने को साकार करने के लिए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा स्वच्छता अभियान को जन आंदोलन का रूप दिया गया। आज गांव-गांव में शौचालय निर्माण, स्वच्छता जागरूकता तथा सार्वजनिक सुविधाओं के विकास के माध्यम से स्वच्छ भारत मिशन नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
ग्राम पंचायत परखंदा की सरपंच श्रीमती माधुरी मोहित साहू ने बताया कि रोजगार गारंटी योजना के अंतर्गत चल रहे गोदी खनन कार्य में लगे सभी मजदूरों से एक दिन श्रमदान करने का आग्रह किया गया था। ग्रामीणों ने उनके आह्वान को स्वीकार करते हुए उत्साहपूर्वक श्रमदान किया और पूरे तालाब की सफाई में योगदान दिया। उन्होंने सभी ग्रामीणों, मजदूरों एवं जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही गांव का समग्र विकास संभव है।
उन्होंने कहा कि तालाबों का संरक्षण न केवल जल संचयन के लिए आवश्यक है, बल्कि इससे भू-जल स्तर में सुधार, पशुओं को पानी की उपलब्धता तथा पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलता है। चंडी तालाब के नवीनीकरण से आने वाले समय में गांववासियों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा तथा जल संकट की समस्या से राहत मिलेगी।
इस अवसर पर सरपंच प्रतिनिधि मोहित साहू, उपसरपंच पूनम साहू, पंचगण मनोज पटेल, दीपा साहू, पदमा साहू, ननकुनिया निषाद, तला निषाद, रुक्मणी कुम्हार, रेखा पटेल, रोजगार सहायक श्यामलाल सोनकर, मेट लखन कश्यप, रोशन साहू, कुमारी निर्मलकर, दिलीप यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं वरिष्ठजन उपस्थित रहे।
ग्रामीणों की सहभागिता और सामूहिक श्रमदान से चंडी तालाब के नवीनीकरण कार्य ने गांव में विकास और स्वच्छता की नई मिसाल पेश की है। यह पहल अन्य ग्राम पंचायतों के लिए भी प्रेरणास्रोत बन सकती है।
