वाटर कूलर, सीसीटीवी कैमरा, भवन मरम्मत सहित कई विकास कार्यों के प्रस्ताव पारित, मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने पर जोर
मगरलोड। विकासखंड मगरलोड अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मेघा में जीवनदीप समिति की सामान्य सभा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जनपद पंचायत मगरलोड के अध्यक्ष विरेंद्र कुमार साहू ने की। बैठक में स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए मरीजों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक प्रारंभ होने से पूर्व अध्यक्ष विरेंद्र कुमार साहू एवं जीवनदीप समिति के सदस्यों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मेघा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ओपीडी एवं भर्ती वार्डों का जायजा लिया तथा अस्पताल में उपचाररत मरीजों और उनके परिजनों से चर्चा कर स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति की जानकारी प्राप्त की। मरीजों से प्राप्त सुझावों और अनुभवों के आधार पर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान समिति के सदस्यों ने अस्पताल में साफ-सफाई, पेयजल, दवा वितरण एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। साथ ही मरीजों को समय पर उपचार, आवश्यक दवाएं तथा बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में स्वास्थ्य कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इसके पश्चात आयोजित जीवनदीप समिति की सामान्य सभा बैठक में स्वास्थ्य केंद्र के विकास एवं स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में अस्पताल परिसर में मरीजों एवं उनके परिजनों की सुविधा के लिए वाटर कूलर स्थापित करने, उसके लिए प्लेटफॉर्म निर्माण कराने, कैंप परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने हेतु सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा अस्पताल भवन की एल्यूमिनियम खिड़कियों की मरम्मत कराने जैसे महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया।
इसके अलावा जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम (जेएसएसके) के अंतर्गत आवश्यक व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने, मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं का विस्तार करने तथा स्वास्थ्य केंद्र में आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई। सभी प्रस्तावों को समिति के सदस्यों द्वारा सर्वसम्मति से पारित किया गया।
बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को उनके नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में ही बेहतर उपचार एवं सुविधाएं प्राप्त हों, जिससे उन्हें अनावश्यक रूप से बड़े अस्पतालों का रुख न करना पड़े। समिति के सदस्यों ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाने तथा जनहित से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का संकल्प लिया।
अध्यक्ष विरेंद्र कुमार साहू ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं शासन की प्राथमिकताओं में शामिल हैं और ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने पारित प्रस्तावों के शीघ्र क्रियान्वयन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में डॉ. श्रीमती शारदा ठाकुर, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष खिलेश साहू, सुपरवाइजर के.आर. साहू, विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक मनोज कुमार पटेल, ग्रामीण चिकित्सा सहायक रूपेश कुमार साहू, सरपंच प्रतिनिधि गजेंद्र ध्रुव, उपसरपंच छत्रपाल साहू सहित जीवनदीप समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में अध्यक्ष द्वारा सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया गया तथा स्वास्थ्य केंद्र के समग्र विकास एवं मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सामूहिक प्रयास जारी रखने का आह्वान किया गया।
