धमतरी। पुलिस के प्रति सम्मान, विश्वास और सकारात्मक सोच का प्रेरणादायी उदाहरण उस समय देखने को मिला जब ग्राम नवागांव कंडेल निवासी श्रमिक एवं गीतकार रविशंकर पटेल अपनी पुत्री हर्षलता पटेल के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। यहां हर्षलता ने अपने पिता द्वारा रचित पुलिस सम्मान गीत को मधुर एवं भावपूर्ण स्वर में प्रस्तुत कर सभी का दिल जीत लिया।
गीत में पुलिस की सेवा भावना, कानून-व्यवस्था बनाए रखने में निभाई जा रही भूमिका तथा आमजन की सुरक्षा के प्रति समर्पण का सुंदर वर्णन किया गया। प्रस्तुति इतनी प्रभावशाली रही कि उपस्थित अधिकारी एवं कर्मचारी भावविभोर होकर उसकी सराहना करने लगे।
गीतकार रविशंकर पटेल ने बताया कि उन्होंने धमतरी पुलिस द्वारा अवैध शराब, गांजा तस्करी, जुआ-सट्टा और चाकूबाजी जैसे अपराधों के विरुद्ध लगातार की जा रही प्रभावी कार्यवाहियों से प्रेरित होकर यह गीत रचा है। उन्होंने अपनी पुत्री के साथ पुलिस अधीक्षक श्री सूरज सिंह परिहार से मुलाकात कर गीत समर्पित किया।
पिता-पुत्री के इस सराहनीय प्रयास से प्रभावित होकर पुलिस अधीक्षक ने दोनों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने हर्षलता की प्रतिभा, आत्मविश्वास और संगीत के प्रति समर्पण की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
एसपी ने कहा कि कला और साहित्य समाज को जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं तथा पुलिस के प्रति सम्मान और विश्वास को व्यक्त करने वाली ऐसी रचनात्मक प्रस्तुतियां समाज और पुलिस के बीच सकारात्मक संवाद को मजबूत बनाती हैं।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी हर्षलता की गायन प्रतिभा की सराहना करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।
