मगरलोड। जिले के दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के विशेष प्रयासों से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिंगपुर को नई एंबुलेंस उपलब्ध कराई गई है। भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, जिला धमतरी से प्राप्त यह एंबुलेंस अब सिंगपुर क्षेत्र के मरीजों के लिए त्वरित एवं प्रभावी स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करेगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला धमतरी द्वारा जारी आदेश के अनुसार एंबुलेंस का संचालन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिंगपुर के माध्यम से किया जाएगा। इस सुविधा से सिंगपुर सहित आसपास के ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों के मरीजों को आवश्यकता पड़ने पर उच्च स्वास्थ्य संस्थानों तक शीघ्र एवं सुरक्षित रूप से पहुंचाया जा सकेगा।
नई एंबुलेंस विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं, नवजात शिशुओं, दुर्घटना पीड़ितों तथा गंभीर रूप से बीमार मरीजों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी। समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होने से मरीजों के उपचार में होने वाली देरी कम होगी तथा आपातकालीन परिस्थितियों में जीवनरक्षक सहायता शीघ्र मिल सकेगी।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा द्वारा जिले के दुर्गम एवं वन क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग और आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए यह एंबुलेंस उपलब्ध कराई गई है। इससे रेफरल सेवाएं और अधिक प्रभावी होंगी तथा मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने खंड चिकित्सा अधिकारी मगरलोड को एंबुलेंस का प्रभार सौंपते हुए इसके सुचारु संचालन, नियमित रखरखाव एवं आवश्यक प्रशासनिक औपचारिकताओं को समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने विश्वास व्यक्त किया है कि इस नई सुविधा से क्षेत्र के नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी और ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।
स्थानीय नागरिकों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया है। नई एंबुलेंस के संचालन से सिंगपुर एवं आसपास के ग्रामीण अंचलों के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है
