जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हरफतराई में एक युवक का शव आंगनबाड़ी भवन की छत पर मिलने से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गांव निवासी सोनू यादव के रूप में हुई है। संदिग्ध परिस्थितियों में मिली इस लाश ने ग्रामीणों को हैरान कर दिया है और घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
जानकारी के अनुसार सोनू यादव रोज की तरह मजदूरी करने के लिए घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने पहले रिश्तेदारों और परिचितों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने पर ग्रामीणों के साथ खोजबीन शुरू की गई।
तलाश के दौरान ग्रामीणों को गांव के आंगनबाड़ी भवन की छत पर सोनू यादव का शव पड़ा मिला। यह खबर फैलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर अर्जुनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उसका शव आंगनबाड़ी भवन की छत तक कैसे पहुंचा, यह रहस्य बना हुआ है।
प्रारंभिक जानकारी में यह बात सामने आई है कि मृतक को शराब पीने की आदत थी, हालांकि पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की जांच कर रही है। अब लोगों की निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकता है।
पुलिस के अनुसार मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
