Ad Code

Responsive Advertisement

मरौद टोल प्लाजा मारपीट मामले में आरक्षक निलंबित एसपी धमतरी का सख्त एक्शन, लाइन अटैच कर जांच के दिए आदेश


ट्रक चालक से मारपीट और ड्यूटी से अनुपस्थित रहने के आरोप पर आरक्षक पवन बर्मन पर गिरी गाज, विभागीय अनुशासनहीनता पर त्वरित कार्रवाई।

कुरूद। पुलिस विभाग की छवि और अनुशासन बनाए रखने के लिए धमतरी पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने एक बार फिर सख्त संदेश दिया है। मरौद टोल प्लाजा के पास एक ट्रक चालक के साथ कथित मारपीट और अनुचित व्यवहार के मामले में थाना कुरूद में पदस्थ आरक्षक पवन बर्मन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर पुलिस लाइन रूद्री अटैच कर दिया गया है। साथ ही पूरे मामले की प्राथमिक जांच के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।


प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना प्रभारी कुरूद द्वारा पुलिस अधीक्षक धमतरी को प्रतिवेदन प्रस्तुत कर अवगत कराया गया कि आरक्षक पवन बर्मन द्वारा मरौद टोल प्लाजा के समीप एक ट्रक चालक के साथ अनुचित व्यवहार एवं मारपीट किए जाने की सूचना प्राप्त हुई है। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि संबंधित आरक्षक अपने निर्धारित ड्यूटी स्थल से अनुपस्थित पाया गया था।


पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा कि पुलिस विभाग की गरिमा, अनुशासन और आम जनता के विश्वास के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। विभागीय नियमों और सेवा आचरण के विरुद्ध पाए जाने वाले किसी भी कृत्य पर तत्काल और कठोर कार्रवाई की जाएगी।


एसपी ने स्पष्ट किया कि समय-समय पर सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया जाता है कि वे अपने आचरण और व्यवहार से विभाग की सकारात्मक छवि बनाए रखें। बावजूद इसके यदि कोई कर्मचारी अनुशासनहीनता करता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


प्रथम दृष्टया आरोप गंभीर पाए जाने पर आरक्षक पवन बर्मन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर पुलिस लाइन रूद्री अटैच कर दिया गया है। साथ ही पूरे घटनाक्रम की विस्तृत प्राथमिक जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच प्रतिवेदन प्राप्त होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी।


इस कार्रवाई को पुलिस विभाग में अनुशासन और जवाबदेही स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। एसपी की इस त्वरित कार्रवाई से यह स्पष्ट संदेश गया है कि कानून के रक्षक यदि नियमों का उल्लंघन करेंगे तो उनके विरुद्ध भी समान रूप से कठोर कार्रवाई होगी।

Ad Code

Responsive Advertisement