Ad Code

Responsive Advertisement

एसपी के निर्देश पर अर्जुनी और कुरूद पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, एक आरोपी गिरफ्तार, फरार आरोपी की तलाश जारी


 धमतरी। पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देश पर जिलेभर में अवैध शराब कारोबार, मादक पदार्थों की तस्करी, जुआ-सट्टा एवं अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अर्जुनी एवं कुरूद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दोनों थाना क्षेत्रों में की गई अलग-अलग कार्रवाइयों में कुल 54 पौवा देशी प्लेन शराब एवं बिक्री रकम सहित 4,960 रुपये मूल्य का मशरूका जब्त किया गया है।


पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में पुलिस द्वारा मुखबिर तंत्र को सक्रिय रखते हुए लगातार निगरानी रखी जा रही है।


थाना अर्जुनी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बलियारा-शंकरदाह मार्ग स्थित सार्वजनिक शौचालय के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस की भनक लगते ही आरोपी वहां से फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल की तलाशी लेकर 41 पौवा देशी प्लेन शराब बरामद की, जिसकी कीमत 3,280 रुपये आंकी गई है। मामले में अपराध क्रमांक 73/26 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है।


वहीं थाना कुरूद पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम मरौद स्थित पिपरिहा तालाब के पास एक व्यक्ति अवैध शराब बेच रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से 13 पौवा देशी प्लेन शराब जिसकी कीमत 1,040 रुपये है तथा बिक्री रकम 640 रुपये सहित कुल 1,680 रुपये का मशरूका जब्त किया गया।


गिरफ्तार आरोपी की पहचान कामता महिलाकर (36 वर्ष), निवासी ग्राम मरौद, थाना कुरूद, जिला धमतरी के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 186/26 के तहत धारा 34(1)(ख) आबकारी एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।


धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब, मादक पदार्थों की तस्करी, जुआ-सट्टा तथा अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप का माहौल है।

Ad Code

Responsive Advertisement