Ad Code

Responsive Advertisement

मधुबन धाम में आज निकलेगी महाप्रभु जगन्नाथ जी की भव्य रथयात्रा, उमड़ेगा आस्था का सैलाब


 महाआरती के बाद दोपहर 12 बजे होगी रथयात्रा की शुरुआत, राकाडीह, खैरझिटी, बेलौदी, कुंडेल होते हुए पहुंचेगी मोतिमपुर

मगरलोड:-  मगरलोड तहसील स्थित पुण्य धाम मधुबन में आज 16 जुलाई को महाप्रभु जगन्नाथ जी की भव्य रथयात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली जाएगी। मान्यता है कि रथयात्रा के दिन महाप्रभु स्वयं अपने भक्तों के बीच पहुंचकर उन्हें दर्शन देते हैं। इसी आस्था के साथ हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु रथयात्रा में शामिल होंगे।

रथयात्रा दोपहर 12 बजे मंदिर में महाआरती के बाद प्रारंभ होगी। यह भव्य यात्रा मधुबन धाम से राकाडीह, खैरझिटी, बेलौदी और कुंडेल होते हुए मोतिमपुर पहुंचेगी। रथ में महाप्रभु जगन्नाथ जी के साथ उनके बड़े भाई बलभद्र, बहन सुभद्रा तथा सुदर्शन जी भी विराजमान रहेंगे।

रथयात्रा में आसपास के गांवों से हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। श्रद्धालु रथ की रस्सी खींचकर स्वयं को सौभाग्यशाली मानते हैं। यह महापर्व आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता और लोककल्याण का संदेश देने वाला माना जाता है।

रथयात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप देने में मंदिर समिति के सदस्य, श्री सीताराम जी महाराज एवं मंदिर के पुजारीगण जुटे हुए हैं। मंदिर समिति ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से रथयात्रा में शामिल होकर महाप्रभु जगन्नाथ जी का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।

Ad Code

Responsive Advertisement