एसपी भावना पांडेय के निर्देश पर मेनोनाइट हिन्दी मिडियम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में जागरूकता अभियान, नए आपराधिक कानूनों की भी दी जानकारी
धमतरी। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देश पर धमतरी पुलिस द्वारा जिलेभर में विद्यार्थियों और युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से लगातार जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में शनिवार को मेनोनाइट हिन्दी मिडियम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, धमतरी में यातायात सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, नशामुक्ति एवं नए आपराधिक कानूनों पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में धमतरी पुलिस के अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी देते हुए दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने तथा नाबालिगों द्वारा वाहन नहीं चलाने की समझाइश दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी दायित्व नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों के जीवन की सुरक्षा के लिए भी आवश्यक है।
इस दौरान विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से भी अवगत कराया गया। पुलिस ने युवाओं से नशे से दूर रहने तथा अपने मित्रों और परिवार के लोगों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए गंभीर खतरा है।
कार्यक्रम में साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करने के खतरे, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी निवेश योजनाओं, सोशल मीडिया एवं बैंकिंग फ्रॉड से बचाव के उपायों की विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 एवं साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के लिए विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।
इसके अलावा विद्यार्थियों को भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) जैसे नए आपराधिक कानूनों की महत्वपूर्ण जानकारियां सरल भाषा में समझाई गईं, ताकि युवाओं में कानून के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित हो सके।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने पुलिस अधिकारियों से विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे, जिनके व्यवहारिक और सरल उत्तर दिए गए। सभी विद्यार्थियों को कानून का पालन करने, जिम्मेदार नागरिक बनने तथा समाज में सुरक्षा और जागरूकता का संदेश फैलाने का संकल्प भी दिलाया गया।
इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती एस. मसीह, समस्त शिक्षकगण, यातायात प्रभारी उप निरीक्षक खेमराज साहू, प्रधान आरक्षक पेमन साहू, चालक योगेश गौतम सहित विद्यालय के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। धमतरी पुलिस ने बताया कि इस प्रकार के जागरूकता अभियान आगे भी जिले के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर निरंतर आयोजित किए जाएंगे।
