स्कूल बस रोककर चालक पर किया था जानलेवा हमला, त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को भेजा गया न्यायिक रिमांड पर जेल।
कुरूद। बस चालक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में कुरूद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल एवं धारदार हथियार भी बरामद कर जब्त कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 28 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 3:15 बजे ए.जे. इंग्लिश स्कूल, कुरूद की बस बच्चों को उनके घर छोड़ने जा रही थी। इसी दौरान सुनीलम सिनेमा के पास सार्वजनिक शौचालय के सामने मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने बस को रोक लिया। पुरानी रंजिश को लेकर दोनों ने बस चालक से विवाद किया, अश्लील गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए धारदार हथियार से हमला कर उसे घायल कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना कुरूद पुलिस ने अपराध क्रमांक 228/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी कुरूद के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण, साक्ष्य संकलित कर गवाहों के बयान दर्ज किए। जांच के आधार पर मुख्य आरोपी रोहन साहू (21 वर्ष), निवासी मोंगरा, थाना कुरूद को गिरफ्तार किया गया। मामले में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत कर किशोर न्याय अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल एवं धारदार हथियार बरामद कर जब्त कर लिया। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी विवाद का समाधान कानून के दायरे में रहकर करें। हिंसा या कानून हाथ में लेने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
