राजिम। गरियाबंद पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान “नया सवेरा” के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर जिले के सभी थाना प्रभारियों को अवैध शराब बिक्री, परिवहन एवं अन्य नशीले पदार्थों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी कड़ी में थाना राजिम पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक व्यक्ति साइकिल में भारी मात्रा में देशी मसाला शराब लेकर बिक्री के उद्देश्य से राजिम से पिटाई बंद एनीकट मार्ग की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना राजिम पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को रोका और पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम ओंकार कंडरा (42 वर्ष) निवासी सोमवारी बाजार, नवापारा वार्ड क्रमांक 15, थाना गोबरा नयापारा जिला रायपुर बताया। तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से सफेद-लाल रंग के थैले में रखी 30 नग देशी मसाला शराब बरामद की गई। जब्त शराब की कुल मात्रा 5.400 लीटर तथा कीमत लगभग 3 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
