पुराने विवाद में युवक की हत्या, एक आरोपी गिरफ्तार
लेन-देन विवाद बना हत्या की वजह, भखारा पुलिस की त्वरित कार्रवाई
भखारा। धमतरी जिले के भखारा थाना क्षेत्र में पुराने लेन-देन और एक्सीडेंट की बात को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देश पर भखारा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना भखारा में अपराध क्रमांक 48/2026 के तहत धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। प्रार्थी संतोष निर्मलकर, निवासी वार्ड क्रमांक 04 भखारा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 06 मई 2026 की रात लगभग 9 बजे महावीर चौक भखारा में उसके पिता अन्नु निर्मलकर का आरोपी शिवम साहू, चिरंजीवी दीवान उर्फ चीकू एवं राहुल कंवर उर्फ राहुल दीवान के साथ पुराने लेन-देन और एक्सीडेंट की बात को लेकर विवाद हो गया।
विवाद के दौरान आरोपियों ने गाली-गलौच और मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच आरोपी शिवम साहू ने धारदार चाकू से अन्नु निर्मलकर के गले पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों द्वारा उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां जिला अस्पताल धमतरी में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना भखारा पुलिस मौके पर पहुंची और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी चिरंजीवी दीवान उर्फ चीकू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। वहीं मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
चिरंजीवी दीवान उर्फ चीकू
पिता – स्व. रामकुमार दीवान
उम्र – 30 वर्ष
निवासी – वार्ड क्रमांक 04 भखारा, थाना भखारा, जिला धमतरी (छत्तीसगढ़)।
