जिले को नशामुक्त बनाने और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से धमतरी पुलिस द्वारा लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने हेरोइन (चिट्टा) तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से हेरोइन, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और नगदी सहित कुल 2.30 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशन में जिलेभर में अवैध शराब, गांजा, हेरोइन (चिट्टा), ब्राउन शुगर तथा अन्य मादक पदार्थों के कारोबारियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना सिटी कोतवाली पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति पीजी कॉलेज ग्राउंड धमतरी के पास हेरोइन रखकर बिक्री करने की फिराक में है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदेही व्यक्ति को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसकी पहचान मुकेश कुमार साहू उर्फ बोनसी (40 वर्ष) पिता अमरनाथ साहू, निवासी बस स्टैंड के पीछे रायपुर एवं वर्तमान पता सोरिद नगर डीपोपारा, धमतरी के रूप में हुई।
वैधानिक प्रक्रिया के तहत तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 4.76 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 90 हजार रुपये से अधिक आंकी गई है। इसके अलावा आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन, 20 हजार रुपये नगद तथा लगभग 1.10 लाख रुपये कीमत की मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब 2.30 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली धमतरी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(ए) के तहत अपराध दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी से हेरोइन की खरीद-फरोख्त और इसके स्रोत के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। पुलिस अब इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है तथा मामले की गहन जांच जारी है।
पुलिस अधीक्षक धमतरी ने आम नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि युवाओं के भविष्य को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले तस्करों और सौदागरों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
