धमतरी। जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस ने एक ऐतिहासिक और अब तक की सबसे बड़ी आर्थिक कार्रवाई करते हुए नशे के कारोबारियों को बड़ा झटका दिया है। पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक धमतरी के मार्गदर्शन में पहली बार जिले में SAFEMA (Smugglers and Foreign Exchange Manipulators Forfeiture of Property Act) के तहत कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थ तस्करों की 35 लाख 85 हजार 116 रुपये से अधिक मूल्य की चल एवं अचल संपत्तियों को फ्रीज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों द्वारा विस्तृत जांच और वित्तीय विश्लेषण के दौरान यह तथ्य सामने आया कि मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री से अर्जित अवैध धनराशि को आरोपियों द्वारा विभिन्न बैंक खातों, बीमा योजनाओं, निवेश योजनाओं, वाहनों तथा अचल संपत्तियों में लगाया गया था। जांच के बाद इन संपत्तियों को चिन्हित कर वैधानिक प्रक्रिया के तहत फ्रीज करने की कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार प्रथम SAFEMA प्रकरण में आरोपी आरती रजक की बैंक खातों और बीमा योजनाओं में निवेशित कुल 12 लाख 93 हजार 636 रुपये 76 पैसे मूल्य की संपत्ति फ्रीज की गई है। वहीं दूसरे SAFEMA प्रकरण में आरोपी करण सिंह ध्रुवांशी, उषा बाई ध्रुवांशी एवं जाइका ध्रुवांशी की बैंक खातों, वाहन तथा अचल संपत्तियों सहित कुल 22 लाख 91 हजार 479 रुपये 75 पैसे मूल्य की संपत्ति फ्रीज की गई है।
दोनों प्रकरणों को मिलाकर कुल 35 लाख 85 हजार 116 रुपये 51 पैसे की संपत्ति को फ्रीज किया गया है। यह कार्रवाई जिले में पहली बार की गई है, जिससे नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप मच गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि संबंधित आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज किए जा चुके हैं तथा उनके खिलाफ PITNDPS Act के तहत भी कार्रवाई की गई थी। अब अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों को जब्त करने की दिशा में की गई यह कार्रवाई अपराधियों के आर्थिक नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
फ्रीज की गई संपत्तियों से संबंधित प्रकरणों को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई हेतु सक्षम प्राधिकारी मुंबई को भेजा गया है। धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी नशे के कारोबारियों के खिलाफ केवल गिरफ्तारी ही नहीं बल्कि उनकी अवैध संपत्तियों पर भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों की बिक्री, परिवहन, संग्रहण अथवा किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।
धमतरी पुलिस की इस ऐतिहासिक कार्रवाई ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि नशे के कारोबार से अर्जित अवैध संपत्ति अब सुरक्षित नहीं रहेगी और अपराधियों के आर्थिक साम्राज्य को कानून के दायरे में लाकर ध्वस्त किया जाएगा।
