सीसीटीवी, अलार्म सिस्टम, सुरक्षा गार्ड और स्ट्रांग रूम की व्यवस्थाओं की जांच, बैंक प्रबंधन को दिए सुरक्षा संबंधी आवश्यक निर्देश
धमतरी। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा बैंकिंग संस्थानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विशेष बैंक सुरक्षा निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में संचालित राष्ट्रीयकृत एवं निजी बैंक शाखाओं का भौतिक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण करने के निर्देश दिए गए थे।
निर्देशों के पालन में जिलेभर के थाना एवं चौकी प्रभारियों द्वारा बैंक शाखाओं का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान बैंक परिसरों में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, कैमरों की कवरेज क्षमता, अलार्म सिस्टम, सुरक्षा गार्डों की उपलब्धता एवं सतर्कता, मुख्य प्रवेश एवं निकास द्वारों की सुरक्षा, स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता तथा अन्य सुरक्षा मानकों का बारीकी से परीक्षण किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बैंक प्रबंधकों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उन्हें बैंक परिसर में आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों पर सतत निगरानी रखने, नकदी के सुरक्षित परिवहन की व्यवस्था सुनिश्चित करने, सीसीटीवी कैमरों के नियमित रखरखाव तथा सुरक्षा उपकरणों को सदैव क्रियाशील रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाना को देने के लिए कहा गया।
निरीक्षण के दौरान बैंक कर्मचारियों एवं सुरक्षा गार्डों को सुरक्षा प्रोटोकॉल का पूर्णतः पालन करने तथा किसी भी आपराधिक घटना अथवा आशंका की स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता लेने के लिए जागरूक किया गया। कुछ बैंक शाखाओं में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने हेतु आवश्यक सुझाव भी दिए गए, जिनके शीघ्र पालन के निर्देश बैंक प्रबंधन को प्रदान किए गए हैं।
धमतरी पुलिस द्वारा समय-समय पर बैंकों, एटीएम केंद्रों एवं अन्य महत्वपूर्ण वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष चेकिंग एवं निरीक्षण अभियान संचालित किए जाते रहे हैं। इसी कड़ी में चलाए गए इस विशेष अभियान का उद्देश्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का वास्तविक आकलन कर संभावित आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाना है।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आम नागरिकों की सुरक्षा, बैंकिंग संस्थानों की संरक्षा तथा जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस निरंतर सक्रिय एवं प्रतिबद्ध है। भविष्य में भी इस प्रकार के सरप्राइज निरीक्षण एवं सुरक्षा समीक्षा अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे, ताकि जिले में सुरक्षित और भरोसेमंद बैंकिंग वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।
