जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ गरियाबंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन दिनों के भीतर 08 हाईवा ट्रकों को जब्त किया है। सभी वाहन धमतरी और पोखरा रोड की ओर से अवैध रूप से रेत का परिवहन करते पाए गए।
पुलिस अधीक्षक के दिशा-निर्देश एवं मार्गदर्शन में जिलेभर में अवैध खनिज परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी अभियान के तहत पुलिस टीम ने सघन जांच के दौरान रेत से भरे 08 हाईवा ट्रकों को पकड़ा और उन्हें जब्त कर थाना परिसर में सुरक्षित खड़ा कराया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभाग ने आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए खनिज विभाग एवं राजस्व विभाग को विस्तृत प्रतिवेदन भेज दिया है। संबंधित विभाग अब नियमानुसार कार्रवाई करेंगे।
गरियाबंद पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध रेत परिवहन में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप की स्थिति है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में किसी भी प्रकार के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आने वाले दिनों में भी आकस्मिक जांच और सख्त कार्रवाई का अभियान जारी रहेगा।
