Ad Code

Responsive Advertisement

लोकार्पण के बाद भी शुरू नहीं हुई पुलिस चौकी, लाखों का नया भवन धूल फांकने को मजबूर



डिप्टी सीएम के वर्चुअल लोकार्पण के महीनों बाद भी नहीं हुआ हैंडओवर, जर्जर भवन में काम करने को मजबूर पुलिसकर्मी

मगरलोड। नगर पंचायत करेली बड़ी में पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस हाउसिंग बोर्ड द्वारा लाखों रुपये की लागत से सुविधायुक्त नवीन पुलिस चौकी भवन का निर्माण कराया गया। भवन का निर्माण वर्ष 2026 में पूरा हो चुका है और फरवरी 2026 में उपमुख्यमंत्री द्वारा इसका वर्चुअल लोकार्पण भी किया जा चुका है। इसके बावजूद आज तक भवन पुलिस विभाग को हैंडओवर नहीं किया गया है, जिससे लाखों रुपये की सरकारी संपत्ति उपयोग के अभाव में धूल फांक रही है।

वर्तमान में करेली बड़ी पुलिस चौकी का संचालन पुराने और जर्जर भवन से किया जा रहा है। नए भवन का हस्तांतरण नहीं होने के कारण पुलिसकर्मियों को असुविधाजनक और असुरक्षित माहौल में कार्य करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि नवीन भवन जल्द शुरू हो जाए तो पुलिसकर्मियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र की कानून-व्यवस्था भी अधिक प्रभावी होगी।

चौकी प्रभारी राधे श्याम बंजारे ने बताया कि नवीन भवन अब तक पुलिस विभाग को हैंडओवर नहीं किया गया है। वहीं संबंधित ठेकेदार फलेश साहू का कहना है कि भवन निर्माण कार्य पूरी तरह पूर्ण हो चुका है और इसकी चाबी विभाग को सौंप दी गई है।

पेयजल और बिजली बनी चुनौती

नवनिर्मित भवन में पेयजल और बिजली की समस्या भी सामने आ रही है। परिसर में बोरवेल तो कराया गया है, लेकिन उससे निकलने वाला पानी पीने योग्य नहीं है। वहीं नए बिजली कनेक्शन की प्रक्रिया जारी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पेयजल और बिजली की व्यवस्था शीघ्र पूरी कर दी जाए तो पुलिस चौकी को नए भवन में स्थानांतरित करने में कोई बाधा नहीं रहेगी।

पुराने अनुभव से उठ रहे सवाल

जिस स्थान पर नया पुलिस चौकी भवन बनाया गया है, वहीं कुछ वर्ष पहले पुलिस का दो मंजिला छावनी भवन भी बनाया गया था। उपयोग के अभाव में वह भवन जर्जर होकर खंडहर में तब्दील हो गया और उसके लोहे के एंगल सहित अन्य सामान की चोरी भी हो गई। अब लोगों को आशंका है कि यदि नए भवन का जल्द उपयोग शुरू नहीं हुआ तो उसकी भी स्थिति कहीं पुराने भवन जैसी न हो जाए। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर भवन का हैंडओवर कर पुलिस चौकी को नए भवन में स्थानांतरित करने की मांग की है।

Ad Code

Responsive Advertisement