Ad Code

Responsive Advertisement

भावभीनी विदाई के साथ पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार को दी सम्मानपूर्ण विदाई


 

कलेक्टर, डीएफओ, एएसपी व सीएसपी ने उत्कृष्ट नेतृत्व, सुदृढ़ कानून-व्यवस्था और जनविश्वास कायम करने में निभाई भूमिका की सराहना

धमतरी। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार (भा.पु.से.) के स्थानांतरण के अवसर पर धमतरी पुलिस परिवार द्वारा आयोजित विदाई एवं सम्मान समारोह में उन्हें भावभीनी एवं सम्मानपूर्ण विदाई दी गई। समारोह में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने उनके सफल, अनुशासित, पारदर्शी और जनोन्मुखी कार्यकाल की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं।


कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने कहा कि श्री परिहार ने अपने कार्यकाल के दौरान जिला प्रशासन और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाया। उन्होंने संवेदनशील परिस्थितियों में धैर्य, दृढ़ता और प्रभावी नेतृत्व का परिचय देते हुए कई जटिल एवं चर्चित मामलों का सफल निराकरण किया, जिससे आमजन का पुलिस पर विश्वास और मजबूत हुआ।


वनमंडलाधिकारी कृष्ण जाधव ने श्री परिहार के सहज व्यक्तित्व, प्रशासनिक दक्षता और विभिन्न विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने की कार्यशैली को प्रेरणादायी बताया। उन्होंने कहा कि जनहित के कार्यों में उनका सहयोग सदैव अनुकरणीय रहा।


अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय ने कहा कि श्री परिहार के नेतृत्व में धमतरी पुलिस ने ट्रिपल मर्डर प्रकरण, बरड़िया ज्वैलर्स गोलीकांड सहित कई चर्चित मामलों का त्वरित खुलासा किया। मादक पदार्थों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर बड़ी मात्रा में गांजा एवं अन्य नशीले पदार्थों की जब्ती, संगठित अपराधों पर प्रभावी अंकुश तथा चुनौतीपूर्ण कानून-व्यवस्था का सफल प्रबंधन उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों में शामिल रहा।


नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि श्री परिहार ने टीम भावना, अनुशासन, पारदर्शिता, उत्तरदायित्व और जनसेवा को प्राथमिकता देते हुए ऐसी कार्यसंस्कृति विकसित की, जिससे धमतरी पुलिस ने अपराध नियंत्रण एवं अनुसंधान के क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की।


समारोह में राजपत्रित अधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों सहित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए श्री परिहार के सरल, संवेदनशील एवं निष्पक्ष नेतृत्व की सराहना की। सभी ने कहा कि उनके मार्गदर्शन में कार्य करना गौरव की बात रही।


कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार को स्मृति-चिह्न, पुष्पगुच्छ एवं शुभकामनाएं भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। इस अवसर पर कलेक्टर अविनाश मिश्रा, डीएफओ कृष्ण जाधव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय, नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक कुमार चतुर्वेदी, एसडीएम पीयूष तिवारी, एसडीओपी कुरूद रागिनी मिश्रा, डीएसपी मोनिका मरावी, डीएसपी मीना साहू, डीपीओ अजय सिंह, रक्षित निरीक्षक दीपक शर्मा तथा पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Ad Code

Responsive Advertisement