धमतरी जिले के मगरलोड विकासखंड के वनांचल क्षेत्र खड़मा (सिंगपुर) से शिक्षा के क्षेत्र में एक प्रेरणादायक खबर सामने आई है। शासकीय माध्यमिक शाला खड़मा के प्रतिभाशाली छात्र करण कुमार का चयन प्रयास आवासीय विद्यालय, रायपुर के लिए हुआ है। यह उपलब्धि इसलिए भी विशेष है क्योंकि करण कुमार वनांचल क्षेत्र की विशेष पिछड़ी कमार जनजाति से प्रयास विद्यालय में चयनित होने वाले पहले छात्र बने हैं।
आज के दौर में, जब समाज नशे जैसी अनेक सामाजिक बुराइयों से जूझ रहा है, ऐसे समय में कठिन परिस्थितियों के बावजूद करण कुमार ने अपनी मेहनत, लगन और शिक्षा के प्रति समर्पण से यह मुकाम हासिल कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
करण कुमार की इस ऐतिहासिक सफलता पर शासकीय माध्यमिक शाला खड़मा के शिक्षक-शिक्षिकाओं, ग्रामीणों एवं अभिभावकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए इसे पूरे वनांचल क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया। ग्रामीणों ने कहा कि "हमें करण कुमार पर गर्व है।"
विद्यालय परिवार ने करण कुमार के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी सफलता क्षेत्र के अन्य बच्चों के लिए भी प्रेरणा बनेगी और शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। ग्रामीणों एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने करण कुमार को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
