धमतरी। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन, संग्रहण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत धमतरी पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में अवैध शराब जब्त कर आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
थाना कुरूद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम चारमाठा पुल के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब बेच रहा है। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परसवदा निवासी मुरारी दास वैष्णव (54 वर्ष) को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 17 पाव देशी मसाला शराब (3060 मिलीलीटर) तथा बिक्री की रकम सहित करीब 2 हजार रुपये मूल्य की सामग्री बरामद की गई। आरोपी के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(1)(ख) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
वहीं, थाना सिहावा पुलिस ने ग्राम रानीगांव मानस मंच के पास कार्रवाई करते हुए मनीष मरकाम को अवैध रूप से शराब बेचते हुए रंगे हाथों पकड़ा। उसके कब्जे से 3 लीटर कच्ची महुआ शराब एवं बिक्री की रकम सहित लगभग 750 रुपये मूल्य की सामग्री जब्त की गई। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(ए) के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई।
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन या बिक्री की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
