शासकीय वीर शहीद बलराम सिंह ध्रुव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भेंडरी में सोमवार, 28 जुलाई 2026 को नई शाला प्रबंधन समिति का गठन किया गया। समिति का उद्देश्य विद्यालय के सर्वांगीण विकास, शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार तथा शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सहयोग करना है।
बैठक में सर्वसम्मति से प्रहलाद ध्रुव को शाला प्रबंधन समिति का अध्यक्ष तथा यादराम साहू को उपाध्यक्ष चुना गया। विद्यालय की प्राचार्य सुश्री ज्योति लहरे को समिति का सचिव नियुक्त किया गया।
समिति के सदस्यों में श्रीमती अनुसुईया सिन्हा, सुश्री डामेश्वरी यादव, गिरीराज ध्रुव, मनोज कुमार डहरिया, आनंद पटेल, ईश्वर साहू, श्रीमती खिलेश्वरी पटेल, श्रीमती सीताबाई देवांगन, दिनेश कुमार जागड़े तथा मोहन लाल साहू को शामिल किया गया।
विशेष आमंत्रित सदस्यों के रूप में ग्राम पंचायत भेंडरी की सरपंच श्रीमती राजेश्वरी आनंद पटेल, जनपद सदस्य श्रीमती विनीता संतशरण साहू, शिक्षाविद प्रीत राम देवांगन, सामाजिक कार्यकर्ता छबीलाल साहू तथा शिक्षक चंद्रहास साहू को समिति में स्थान दिया गया। वहीं कामदेव साहू और रोहित पटेल पालक सदस्य के रूप में शामिल किए गए।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष प्रहलाद ध्रुव ने कहा कि समिति विद्यालय में पेयजल, शौचालय, पुस्तकालय, खेल सामग्री एवं छात्रवृत्ति जैसी मूलभूत सुविधाओं के विकास और विद्यार्थियों के हितों से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देगी। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा में नियमित रुचि लेने और विद्यालय के विकास में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।
इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।
