युवा कांग्रेस नेता ने पेपर लीक, छात्र आंदोलन और विपक्ष की भूमिका पर केंद्र सरकार को घेरा
मगरलोड। युवा कांग्रेस नेता गुलाब साहू ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को लेकर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। मीडिया से चर्चा के दौरान उन्होंने कहा कि देशभर में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों और छात्रों के बढ़ते आक्रोश के चलते केंद्र सरकार पर दबाव बढ़ा, जिसके कारण शिक्षा मंत्री को विपक्ष और छात्रों के सामने झुकना पड़ा।
गुलाब साहू ने आरोप लगाया कि पिछले सात वर्षों में 70 से अधिक पेपर लीक की घटनाएं सामने आई हैं। उनका कहना था कि विपक्ष लगातार इन मुद्दों को उठाता रहा, लेकिन सरकार ने लंबे समय तक इन्हें गंभीरता से नहीं लिया। उन्होंने कहा कि इस बार छात्र आंदोलन और विपक्ष के दबाव को सरकार नजरअंदाज नहीं कर सकी।
उन्होंने जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि अभिजीत दीपके के नेतृत्व में, सोनम वांगचुक के सहयोग से हुए आंदोलन तथा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री आवास के घेराव ने सरकार को जवाब देने के लिए मजबूर किया। उन्होंने प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई की भी आलोचना करते हुए कहा कि इस घटना को देश लंबे समय तक याद रखेगा।
गुलाब साहू ने कहा कि राहुल गांधी ने संसद के भीतर और बाहर लगातार नीट पेपर लीक समेत छात्र हितों के मुद्दे उठाए हैं, जिसकी उन्होंने सराहना की। उन्होंने आगे कहा कि यह संघर्ष अभी समाप्त नहीं हुआ है और विपक्ष छात्रों के अधिकारों तथा कथित पुलिस कार्रवाई के मुद्दे पर सरकार को लगातार घेरता रहेगा। साथ ही उन्होंने दावा किया कि विपक्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से छात्रों के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार को लेकर माफी की मांग भी जारी रखेगा।
